संविधान दिवस के पावन अवसर पर वीरवार को जिला परिषद कार्यालय, पानीपत में जिला परिषद चेयरपर्सन एवं जिला उपाध्यक्ष भाजपा ज्योति शर्मा ने समस्त कार्यालय स्टॉफ के साथ भारत रत्न एवं संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर जी के चित्र के समक्ष पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया
जिला क्राइम रिपोर्टर
सागर गोयल पानीपत हरियाणा।
पानीपत, 26 नवंबर। संविधान दिवस के पावन अवसर पर वीरवार को जिला परिषद कार्यालय, पानीपत में जिला परिषद चेयरपर्सन एवं जिला उपाध्यक्ष भाजपा ज्योति शर्मा ने समस्त कार्यालय स्टॉफ के साथ भारत रत्न एवं संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर जी के चित्र के समक्ष पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर संविधान की प्रस्तावना एवं उसके मूल आदर्शों को याद करते हुए लोकतंत्र, समानता, सामाजिक न्याय और मौलिक अधिकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई गई।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए ज्योति शर्मा ने कहा कि भारतीय संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, लोकतांत्रिक व्यवस्था और प्रत्येक नागरिक के अधिकारों का आधार है। डॉ. भीमराव अंबेडकर जी ने संविधान निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाते हुए देश को ऐसा मार्गदर्शन दिया, जिसमें हर नागरिक को समान अधिकार, सम्मान और अवसर प्राप्त करने की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने कहा कि संविधान हमें अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है। एक जिम्मेदार नागरिक होने के नाते हमें संविधान में निहित मूल्यों को अपने जीवन और कार्यशैली में अपनाना चाहिए। विशेष रूप से सरकारी सेवाओं में कार्यरत प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह बिना किसी भेदभाव के आमजन की सेवा करे और समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ पहुंचाने में अपनी भूमिका निभाए।
ज्योति शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने डॉ. भीमराव अंबेडकर जी के जीवन, विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को सम्मान देने के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। बाबा साहेब से जुड़े पांच प्रमुख स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित कर उन्हें राष्ट्रीय स्मारक और प्रेरणा केंद्र के रूप में पहचान दिलाई गई है। यह पहल आने वाली पीढिय़ों को बाबा साहेब के संघर्ष, विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश से जोडऩे का कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का सपना एक ऐसे भारत का था, जहां समाज के प्रत्येक वर्ग को समान अवसर मिले, किसी के साथ भेदभाव न हो और प्रत्येक व्यक्ति को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार प्राप्त हो। हमें उनके विचारों को केवल याद ही नहीं करना, बल्कि उन्हें अपने व्यवहार और सामाजिक जीवन में भी उतारना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में ज्योति शर्मा ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संविधान के प्रति निष्ठा बनाए रखने, अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने तथा जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संविधान के आदर्शों पर चलकर ही हम एक सशक्त, समरस और विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान दे सकते हैं। इस अवसर पर जिला परिषद कार्यालय का समस्त स्टॉफ उपस्थित रहा।











