अलीगंज में बंद मकान में लाखों की चोरी
संवाददाता मुकेश कुमार
परिवार राजस्थान गया था मजदूरी करने, ताला तोड़कर चोरों ने उड़ाए जेवरात
अलीगंज थाना क्षेत्र के कलिंजर गांव में अ
ज्ञात चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। यह वारदात उस समय हुई जब मकान मालिक नेत्रपाल सक्सेना अपने परिवार के साथ राजस्थान में ईंट भट्टों पर मजदूरी करने गए हुए थे। मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह ग्रामीणों ने नेत्रपाल सक्सेना के घर के ताले टूटे देखे तो उन्होंने तत्काल अलीगंज पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घर का निरीक्षण किया। चोरों ने मुख्य द्वार के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी व बक्सों को खंगाल डाला। घर का सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। मकान मालिक नेत्रपाल सक्सेना पुत्र राजाराम ने बताया कि वे दिवाली के बाद परिवार सहित राजस्थान लौट गए थे। सुबह उन्हें चोरी की सूचना मिली तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने बताया कि चोर सोने-चांदी के गहने और अन्य कीमती सामान ले गए हैं, जिससे उन्हें भारी नुकसान हुआ है। घटनास्थल पर पहुंचे हलका इंचार्ज हिरदेश कुमार ने बताया कि मकान मालिक ईंट भट्टों पर मजदूरी का कार्य करते हैं। पुलिस ने मौके से साक्ष्य एकत्रित किए हैं और अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय ग्रामीणों ने रात के समय गांव में संदिग्ध व्यक्तियों की आवाजाही की भी बात कही है। पुलिस अब आसपास के CCTV कैमरों और मुखबिरों की मदद से चोरों का सुराग लगाने में जुटी हुई है।












