आरक्षण-यूजीसी विरोध से पहले पुलिस का एक्शन, सीतापुर में कई नेता हिरासत में
सीतापुर। आरक्षण और यूजीसी से जुड़े मुद्दों के विरोध में प्रस्तावित पदयात्रा से पहले सीतापुर में पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आया। कार्यक्रम में युवाओं के बड़ी संख्या में पहुंचने के दावे के बीच पुलिस ने कई स्थानों पर बैरिकेडिंग कर नेताओं और कार्यकर्ताओं को रोकना शुरू कर दिया।
बताया जा रहा है कि क्रांतिकारी विचार मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष को पुलिस ने हिरासत में लिया है। इसके अलावा ऐश्वर्य प्रताप सिंह और उनके पिता अनिल सिंह को भी हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है।
महोली अंडरपास के पास पुलिस ने कई नेताओं को रोक दिया। वहीं लालबाग, महोली और बड़ी नेरी सहित विभिन्न स्थानों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस-प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है।
कार्यक्रम से जुड़े लोगों का दावा था कि प्रस्तावित पदयात्रा में युवाओं की बड़ी संख्या में भागीदारी होगी। हालांकि, पुलिस की कार्रवाई के बाद कार्यक्रम को लेकर स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।
हिरासत में लिए गए नेताओं के संबंध में पुलिस की ओर से अभी तक आधिकारिक विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस का आधिकारिक बयान आने के बाद ही हिरासत की वजह और आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
— निशांत त्रिपाठी, संवाददाता











