एटा में सवर्ण समाज का कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
जिला संवादाता काव्यांश रावत
UGC आरक्षण प्रावधानों में बदलाव और सवर्ण आयोग के गठन की मांग उठी
एटा। जिले में सोमवार को अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च किया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकजुट होकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन संबंधित अधिकारियों को सौंपा।
महासभा के जिलाध्यक्ष ठा. मानवेन्द्र सिंह चौहान के नेतृत्व में निकाले गए पैदल मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने UGC से जुड़े आरक्षण प्रावधानों पर पुनर्विचार अथवा रोलबैक की मांग उठाई। इसके साथ ही आरक्षण व्यवस्था में प्रभावी सुधार, आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को समान अवसर देने और सवर्ण आयोग के गठन की मांग प्रमुखता से रखी गई।
ज्ञापन में कहा गया कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को शिक्षा, रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं में कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीण क्षेत्रों के किसान, मजदूर तथा निम्न और मध्यम आय वर्ग के परिवार आर्थिक कठिनाइयों से प्रभावित हैं।
महासभा के पदाधिकारियों ने सरकार से मांग की कि आर्थिक आधार पर जरूरतमंद परिवारों के हितों को ध्यान में रखते हुए नीतियों में आवश्यक बदलाव किए जाएं। साथ ही सवर्ण समाज की समस्याओं और शिकायतों के समाधान के लिए अलग से सवर्ण आयोग का गठन किया जाए।
ज्ञापन सौंपने के बाद कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई किए जाने की उम्मीद जताई।











