भारी बारिश से महेशगंज सीएचसी के सामने जलभराव, मरीजों को हो रही भारी परेशानी
जिला संवाददाता अमित शुक्ला
महेशगंज/प्रतापगढ़। लगातार हो रही भारी बारिश के चलते सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) महेशगंज के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। अस्पताल परिसर के बाहर सड़क पर पानी भर जाने से मरीजों, तीमारदारों तथा अस्पताल आने वाले अन्य लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थिति यह है कि अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को घुटनों तक भरे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। विशेष रूप से बुजुर्ग, महिलाएं, गर्भवती मरीज और छोटे बच्चों के साथ आने वाले परिजन काफी परेशान हैं। जलभराव के कारण फिसलने और दुर्घटना होने का भी खतरा बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान हर वर्ष यहां जलनिकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण ऐसी समस्या उत्पन्न हो जाती है। अस्पताल जैसे महत्वपूर्ण संस्थान के सामने जलभराव होने से स्वास्थ्य सेवाओं पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से शीघ्र जलनिकासी की व्यवस्था कर समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है, ताकि मरीजों और तीमारदारों को राहत मिल सके।











