प्रयाग पब्लिक स्कूल चकमदा में भव्य अलंकरण समारोह संपन्न
नवनिर्वाचित छात्र पदाधिकारियों को सौंपी गई नेतृत्व की जिम्मेदारी
प्रयागराज, 29 अगस्त। प्रयाग पब्लिक स्कूल, चकमदा, हंडिया, प्रयागराज में शनिवार को सत्र 2026-27 का भव्य अलंकरण समारोह गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह के दौरान नवनिर्वाचित छात्र पदाधिकारियों को पद एवं जिम्मेदारियां सौंपते हुए उन्हें नेतृत्व, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई गई।
समारोह में नितेश कुमार यादव को स्कूल कैप्टन तथा अपराजिता सिंह को वाइस कैप्टन की जिम्मेदारी सौंपी गई। नवनियुक्त छात्र पदाधिकारियों को बैज एवं पदचिह्न प्रदान किए गए। इसके अलावा रेड, यलो, ग्रीन एवं ब्लू हाउस के कैप्टन और वाइस कैप्टन, कल्चरल हेड, स्पोर्ट्स हेड एवं डिसिप्लिन हेड सहित विभिन्न पदों पर विद्यार्थियों को जिम्मेदारियां दी गईं।

विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती मधु शर्मा जी ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को पद एवं कर्तव्यों की शपथ दिलाई। उन्होंने विद्यार्थियों को विद्यालय की गरिमा, अनुशासन एवं मूल्यों को बनाए रखने तथा अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प दिलाया।
प्रधानाचार्या श्रीमती मधु शर्मा जी ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नेतृत्व केवल पद प्राप्त करना नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसे ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ निभाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने आचरण एवं कार्यों के माध्यम से अन्य छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत बनने का आह्वान किया।
विद्यालय के निदेशक श्री संजय श्रीवास्तव जी ने नवनियुक्त छात्र पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि अलंकरण समारोह विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। छात्र जीवन में मिलने वाली जिम्मेदारियां भविष्य में बेहतर नेतृत्वकर्ता बनने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
समारोह के अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
विमल कुमार मिश्रा
तहसील संवाददाता, प्रयागराज











