प्रयाग पब्लिक स्कूल में हिंदी दिवस पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन
विमल कुमार मिश्र प्रयागराज, 14 सितंबर। प्रयाग पब्लिक स्कूल, चकमदा, हंडिया, प्रयागराज में हिंदी दिवस के अवसर पर हिंदी भाषा के प्रति विद्यार्थियों में रुचि, सम्मान एवं जागरूकता उत्पन्न करने के उद्देश्य से विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती मधु शर्मा जी द्वारा माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
कार्यक्रम का सफल संचालन खुशी चौरसिया एवं अंशिका चौरसिया द्वारा किया गया। दोनों छात्राओं ने प्रभावशाली एवं सहज संचालन के माध्यम से कार्यक्रम को क्रमबद्ध रूप से आगे बढ़ाया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने कविता-पाठ, भाषण, हिंदी प्रश्नोत्तरी, कहानी-वाचन एवं विभिन्न रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से हिंदी भाषा की महत्ता को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने हिंदी की समृद्ध साहित्यिक एवं सांस्कृतिक विरासत को जीवंत कर दिया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती मधु शर्मा जी ने विद्यार्थियों को हिंदी भाषा के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि हिंदी हमारी संस्कृति, संस्कार और भावनाओं को अभिव्यक्त करने वाली सशक्त भाषा है। उन्होंने विद्यार्थियों को हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग तथा हिंदी साहित्य के अध्ययन के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में हिंदी विभागाध्यक्ष जयशंकर कुशवाहा ने हिंदी भाषा की वर्तमान प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “भाषा केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी सोच, संवेदना और संस्कृति की पहचान होती है। हिंदी को सम्मान देना अपनी जड़ों और अपनी सांस्कृतिक विरासत को सम्मान देना है।”
विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विभागाध्यक्ष जयशंकर कुशवाहा के द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुरस्कार प्राप्त कर विद्यार्थियों में उत्साह और प्रसन्नता का वातावरण रहा।
कार्यक्रम के अंत में हिंदी के सम्मान, संवर्धन एवं दैनिक जीवन में अधिकाधिक प्रयोग का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही
ये भी पढ़ें आधी रात सड़कों पर डेरा, आवारा पशुओं का आतंक; राहगीरों और वाहन चालकों की बढ़ी मुश्किलें











