सरिया से गेट तोड़ा, ईंटों से रास्ता बंद किया; फौजी फर्नीचर हाउस में रातभर तांडव करते रहे चोर
संवाददाता योगेन्द्र सिंह अलीगंज-मैनपुरी रोड पर बदमाशों का धावा, एक लाख नकद समेत साढ़े तीन लाख का माल साफ; 10 एलईडी, 15 इंडक्शन और 10 सीलिंग फैन समेत लाखों का सामान चोरी
अलीगंज। अलीगंज-मैनपुरी रोड स्थित फौजी फर्नीचर हाउस में रविवार रात चोरों ने धावा बोल दिया। बदमाश दुकान का गेट सरिया से तोड़कर अंदर दाखिल हुए और रातभर दुकान को खंगालते रहे। चोर एक लाख रुपये की नकदी समेत करीब साढ़े तीन लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए। सोमवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे संचालक को घटना की जानकारी हुई तो इलाके में हड़कंप मच गया।
नगला मोच निवासी रघुवीर सिंह फौजी (54) पुत्र लालाराम ने बताया कि वह रविवार शाम करीब सात बजे दुकान बंद करके घर चले गए थे। सोमवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो मुख्य गेट टूटा हुआ था। अंदर पहुंचने पर सामान अस्त-व्यस्त पड़ा मिला। दुकान से कई कीमती सामान गायब देखकर उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
एक लाख नकद समेत साढ़े तीन लाख का माल चोरी
पीड़ित के अनुसार चोर दुकान से 10 एलईडी, 15 इंडक्शन, 10 सीलिंग फैन, दो सिलाई मशीन और दो जूसर-ग्राइंडर समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए। इसके अलावा अटैची में रखे एक लाख रुपये नकद भी बदमाश ले गए। पीड़ित ने चोरी हुए सामान और नकदी की कुल कीमत करीब साढ़े तीन लाख रुपये बताई है।
सरिया से गेट तोड़ा, ईंटों से रास्ता किया बंद
चोरों ने दुकान में घुसने के लिए लोहे के गेट को सरिया की मदद से तोड़ा। इसके बाद अंदर रखे सामान को इधर-उधर खंगालते रहे। घटना के दौरान बदमाशों ने रास्ते में ईंटें भी लगा दी थीं। इससे आशंका है कि उन्होंने दुकान में चोरी करते समय बाहर से किसी के आने-जाने पर नजर रखने और रास्ता रोकने का प्रयास किया।
सीओ भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही अलीगंज क्षेत्राधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया जा रहा है। दोनों टीमें मौके से साक्ष्य जुटाकर बदमाशों तक पहुंचने का प्रयास करेंगी।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालना शुरू कर दिया है। फुटेज के जरिए पुलिस बदमाशों की गतिविधियों और उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है। रात के समय व्यस्त मार्ग पर हुई चोरी से आसपास के दुकानदारों में भी चिंता का माहौल है।
तहरीर नहीं मिली, जांच जारी
अलीगंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक रूपेश कुमार वर्मा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच की जा रही है। पीड़ित द्वारा चोरी हुए सामान और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। अभी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।











