रायबरेली: वेज बिरयानी में कीड़े मिलने का युवक ने लगाया आरोप, रेस्टोरेंट स्टाफ पर धमकाने का दावा
संवाददाता – धीरेंद्र कुमार रायबरेली। हरचंदपुर थाना क्षेत्र स्थित एक रेस्टोरेंट में परोसी गई वेज बिरयानी में कीड़े मिलने का आरोप लगाते हुए एक युवक ने शिकायत दर्ज कराई है। मामले के सामने आने के बाद खाद्य सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, हरचंदपुर निवासी सौरभ सिंह नरेश स्वीट एंड रेस्टोरेंट में वेज बिरयानी खाने पहुंचे थे। युवक का दावा है कि बिरयानी की प्लेट में उन्हें कीड़े दिखाई दिए। आरोप है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो रेस्टोरेंट के कर्मचारियों ने प्लेट तुरंत वहां से हटा ली।
युवक का यह भी आरोप है कि शिकायत करने पर रेस्टोरेंट स्टाफ की ओर से उसे धमकाया गया। मामले को लेकर सौरभ सिंह ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत दर्ज कराई है और खाद्य सुरक्षा विभाग से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
हालांकि, बिरयानी में कीड़े मिलने और धमकाने के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच और संबंधित पक्ष का बयान सामने आने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।











