सेवा सेतु शिविर में उमड़ी भीड़, सरकारी योजनाओं के लिए सैकड़ों लोगों ने कराया पंजीकरण
संवाददाता दीप चन्द्र पाण्डेय संवाददाता दीप चन्द्र पाण्डेय बाबागंज/प्रतापगढ़। सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से बुधवार को नगर पंचायत हीरागंज में आयोजित सेवा सेतु शिविर में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी। शिविर में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित लोगों की समस्याएं सुनी गईं तथा पात्र लाभार्थियों के आवेदन और पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी कराई गई।
शिविर में वृद्धावस्था पेंशन के 22, विधवा पेंशन के 10, पीएम स्वनिधि योजना के करीब 5 तथा ई-श्रम योजना के 38 लोगों का पंजीकरण किया गया। वहीं आयुष्मान योजना से संबंधित करीब 125 लोगों का विवरण दर्ज किया गया।
शिविर में पहुंचे लोगों को सरकारी योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभों की जानकारी दी गई। साथ ही योजनाओं से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक प्रक्रिया भी पूरी कराई गई।
बताया गया कि सेवा सेतु शिविर का आयोजन एक से सात अक्टूबर तक किया जा रहा है। इसका उद्देश्य पात्र लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ना और आवेदन एवं पंजीकरण की प्रक्रिया को सरल बनाना है।
शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।











