ऊँचाहार में सनसनीखेज मामला: प्रेमी के जेल जाने पर परिजनों ने नवजात समेत प्रेमिका को किया अगवा करने का प्रयास, दी जान से मारने की धमकी
ऊँचाहार संवाददाता धीरेंद्र कुमार रायबरेली: के ऊँचाहार क्षेत्र के बाबूगंज इलाके से एक हैरान कर देने वाला और सनसनीखेज मामला सामने आया है। रामसाण्डा मजरे दौलतपुर की रहने वाली प्रीति का गुलहरिया निवासी युवक शिवम के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। आरोप है कि युवक शादी का झांसा देकर लगातार शारीरिक संबंध बनाता रहा, जिससे प्रीति गर्भवती हो गई। इस बीच, शिवम ने किसी अन्य युवती से शादी रचा ली, जिसके बाद वर्तमान में वह जेल में बंद है।
पीड़ित प्रीति इस समय बाबूगंज में किराए के मकान पर रहकर अपने लगभग दो महीने के नवजात बच्चे का पालन-पोषण कर रही है। प्रीति का गंभीर आरोप है कि गत 27 अक्टूबर को शिवम की बहन शिमला देवी, अंतिमा और लगभग तीस अज्ञात लोग उसके घर जा पहुंचे। इन सभी ने मां-बेटे को जबरन अगवा करने का कुत्सित प्रयास किया।
मौके पर ग्रामीणों के भारी संख्या में इकट्ठा होने पर आरोपी गाली-गलौच और मारपीट पर उतर आए। वे शिवम को जेल से छुड़ाने का दबाव बनाते हुए प्रीति को जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। इस खौफनाक घटना से डरी-सहमी पीड़ित महिला अपने दो महीने के मासूम बच्चे को लेकर न्याय की गुहार लगाने बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे ऊंचाहार कोतवाली पहुंची।
पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर अपनी और अपने बच्चे की सुरक्षा की गुहार लगाई है। इस गंभीर मामले में कोतवाल मनबोध तिवारी ने बताया तहरीर मिली है, जांच कराकर विधिक कार्यवाई की जाऐगी।











