ऊँचाहार में ई-रिक्शा की टक्कर से बाइक सवार बागवान की मौत, परिवार में मचा कोहराम

ऊँचाहार में ई-रिक्शा की टक्कर से बाइक सवार बागवान की मौत, परिवार में मचा कोहराम

संवाददाता धीरेंद्र कुमार | ऊँचाहार, रायबरेली।

रायबरेली जिले के ऊँचाहार क्षेत्र में मंगलवार शाम अरखा कोल्ड स्टोरेज के पास ई-रिक्शा और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार 35 वर्षीय बागवान की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के बाद मौके से फरार हुए ई-रिक्शा की तलाश शुरू कर दी है।

बच्चों के साथ किराए के मकान में रहता था मृतक

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान फतेहपुर जिले के सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के इजौरा बुजुर्ग गांव निवासी पप्पू (35), पुत्र अब्दुल सलाल के रूप में हुई है। वह ऊँचाहार क्षेत्र के मनऊ का इंदारा में किराए के कमरे में अपने बच्चों के साथ रहता था। उसकी पत्नी अफसाना फिलहाल अपने मायके अल्लीपुर में रह रही थी। पप्पू आम के बागों की रखवाली कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।

अरखा कोल्ड स्टोरेज के पास हुआ हादसा

बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम पप्पू बाइक से किसी जरूरी काम से ऊँचाहार की ओर आ रहा था। इसी दौरान अरखा कोल्ड स्टोरेज के पास सामने से आ रहे ई-रिक्शा से उसकी बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), ऊँचाहार पहुंचाया गया।

सीएचसी अधीक्षक डॉ. अतुल पांडेय के अनुसार, अस्पताल पहुंचने तक युवक की मौत हो चुकी थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

फरार ई-रिक्शा चालक की तलाश में जुटी पुलिस

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। ऊँचाहार कोतवाल मनबोध तिवारी ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना के बाद मौके से फरार हुए ई-रिक्शा की तलाश की जा रही है। परिजनों की तहरीर और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हादसे के बाद मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी संभालने वाले पप्पू की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें