सर्राफा व्यापारी लूटकांड के मुख्य आरोपी के मुठभेड़ में ढेर होने पर व्यापारियों ने एसएसपी को किया सम्मानित
संवाददाता योगेन्द्र सिंह एटा। अलीगंज में सर्राफा व्यापारी के साथ हुई लूट की घटना के मुख्य आरोपी को पुलिस द्वारा मुठभेड़ में ढेर किए जाने के बाद उद्योग व्यापार मंडल एटा के पदाधिकारियों ने नगर अध्यक्ष अतुल राठी के नेतृत्व में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन को सम्मानित किया। इस दौरान व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए इसे अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कदम बताया।
कार्यक्रम में व्यापारियों ने कहा कि एटा पुलिस प्रशासन द्वारा अपराधियों के खिलाफ की गई त्वरित कार्रवाई से व्यापारी समाज में सुरक्षा को लेकर संतोष का माहौल है। इस कार्रवाई से व्यापारियों में पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है।
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि व्यापारी समाज किसी भी राष्ट्र की आर्थिक प्रगति की मूल धुरी होता है। व्यापार और उद्योग के विकास के लिए व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना बेहद आवश्यक है। व्यापारियों ने उम्मीद जताई कि पुलिस प्रशासन इसी तरह अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखेगा, जिससे व्यापारी निर्भय होकर अपना कारोबार कर सकें।
इस अवसर पर एटा सदर विधायक विपिन वर्मा डेविड भी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के स्वागत एवं सम्मान के दौरान व्यापारियों के साथ मौजूद रहे।
एसएसपी डॉ. इलामारन को सम्मानित करने वालों में प्रमुख रूप से अशोक सर्राफ, संजीव वार्ष्णेय ‘बंटी बाबू’, कल्लू मियां, राकेश वार्ष्णेय (चिकोरी वाले), अतुल राठी, कैलाश जैन, संजीव वार्ष्णेय, साबिर मियां और जावेद आलम सहित उद्योग व्यापार मंडल के अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।











