हीरागंज में ऐतिहासिक बबवा मेले का शुभारंभ, उमड़ी भीड़
संत गदाधर दास जी महाराज ने की पूजा-अर्चना,
जिला संवाददाता अमित शुक्ला
हीरागंज, प्रतापगढ़। नगर पंचायत हीरागंज बाजार के जगापुर स्थित राम-जानकी मंदिर परिसर में बुधवार को ऐतिहासिक बबवा मेले का शुभारंभ हुआ। संत बाबा गदाधर दास ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर मेले की शुरुआत की। इस दौरान महेशगंज के नवनियुक्त थानाध्यक्ष भूपेश नाथ सिंह ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया।
मेले के शुभारंभ के साथ ही परिसर में रौनक बढ़ गई। पारंपरिक दुकानों के बीच लकड़ी से बने विभिन्न प्रकार के सामानों की बिक्री लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। मेले में क्षेत्र की पारंपरिक संस्कृति, लोकजीवन और आपसी मेल-मिलाप की झलक देखने को मिल रही है।
मेले में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की ओर से अस्थायी चौकी स्थापित की गई है। उद्घाटन के दौरान प्रदीप पांडेय, कुलदीप यादव, शुभम उपाध्याय समेत अन्य स्वयंसेवक मौजूद रहे।











