एटा में यातायात पुलिस की ईमानदारी, जेवर और नकदी से भरा बैग लौटाया
शीतलपुर ब्लॉक संवाददाता योगेंद्र सिंह
एटा।जनपद एटा में यातायात पुलिस की ईमानदारी और तत्परता का एक सराहनीय मामला सामने आया है। दिल्ली से एटा पहुंचे एक परिवार का जेवरात और नकदी से भरा बैग ऑटो में छूट गया था। यातायात पुलिस ने मात्र दो घंटे में बैग को खोजकर परिवार को वापस दिला दिया
जानकारी के अनुसार, दिल्ली से एटा पहुंचे राजेश कुमार का परिवार ऑटो से अपने घर पहुंचा। घर पहुंचने पर जब बैग देखा तो बैग गायब मिला। बैग में जेवरात और नकदी रखी हुई थी। बैग गायब मिलने से परिवार के होश उड़ गए। परिवार के लोग काफी परेशान हो गए और बैग की तलाश में जुट गए।
करीब दो घंटे बाद राजेश कुमार बस स्टैंड पहुंचे और यातायात पुलिस को पूरे मामले की सूचना दी। उन्होंने पुलिस को ऑटो का रूट नंबर भी बताया। रूट नंबर मिलने पर पुलिस ने तत्काल बैग की तलाश शुरू कर दी।
टीआई अब्दुल कादिर और कांस्टेबल राहुल शर्मा ने रूट नंबर के आधार पर ऑटो की पहचान की और चालक अरविंद कुमार से संपर्क किया। यातायात पुलिस की पहल पर ऑटो चालक अरविंद कुमार ने जेवर और नकदी सहित पूरा बैग लौटा दिया।
बैग वापस पाकर राजेश कुमार भावुक हो गए। उन्होंने यातायात पुलिस एटा की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस ने जिस तरह से तत्परता दिखाकर उनका बैग वापस दिलाया, वह काबिले तारीफ है।
ऑटो चालक अरविंद कुमार की ईमानदारी की भी लोगों ने प्रशंसा की। चालक ने बैग में रखे जेवर और नकदी को हाथ भी नहीं लगाया और पुलिस के कहने पर पूरा बैग वापस कर दिया।
इस घटना से एटा यातायात पुलिस की छवि और मजबूत हुई है। आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा है। लोगों का कहना है कि पुलिस की इस तत्परता से साबित होता है कि पुलिस जनता की सेवा के लिए हमेशा तत्पर है।











