जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार मॉंदड़ की अध्यक्षता में छठ पूजा की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित
पवन सूर्यवंशी ब्यूरो चीफ़ ऑल एनसीआर
छठ घाटों पर साफ-सफाई, सुरक्षा, स्वास्थ्य, यातायात एवं विद्युत व्यवस्था समय से पूर्ण करें अधिकारी:जिलाधिकारी,गाजियाबाद।दिनांक: 31.10.2026 महात्मा गांधी सभागार, कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार मॉंदड़ की अध्यक्षता में छठ पूजा पर्व को सकुशल एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के संबंध में क्रियान्वयन बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान छठ समिति के पदाधिकारियों ने छठ पर्व से पूर्व 12 नवम्बर तक हिण्डन नदी में स्वच्छ जल की उपलब्धता सुनिश्चित कराने, नदी में बह रही जलकुंभी की सफाई कराने तथा जनपद के सभी छठ घाटों पर साफ-सफाई, स्वच्छता, स्वास्थ्य, यातायात एवं सुरक्षा सहित आवश्यक जनसुविधाएं उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि छठ पूजा से पूर्व हिण्डन नदी में स्वच्छ जल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने सभी नगरीय निकायों को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित छठ घाटों की साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। नगर निगम को हिण्डन नदी एवं घाटों पर सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे लगवाने तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि छठ पूजा कार्यक्रम की समाप्ति तक पुलिसकर्मी कार्यक्रम स्थल पर मुस्तैद रहें तथा कार्यक्रम पूर्ण होने के बाद ही उन्हें स्थल छोड़ने की अनुमति दी जाए। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए जाएं।
विद्युत विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति एवं विद्युत सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं स्वास्थ्य विभाग को हिण्डन घाट सहित अन्य छठ घाटों पर स्वास्थ्य शिविर एवं एम्बुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि छठ पर्व आस्था एवं श्रद्धा का महत्वपूर्ण पर्व है।
इसे सकुशल, हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ सम्पन्न कराने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण करें। उन्होंने बताया कि दीपावली के आसपास तैयारियों की पुनः समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी।
साथ ही छठ पूजा समितियों के पदाधिकारियों से सभी छठ घाटों की सूची प्राप्त कर उनके साथ समन्वय स्थापित करते हुए व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।बैठक में अपर जिलाधिकारी (भू-अर्जन/राजस्व), अपर जिलाधिकारी नगर, नगर मजिस्ट्रेट, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, पुलिस विभाग के अधिकारी, अपर नगर आयुक्त, विद्युत विभाग, सिंचाई विभाग, पंचायती राज विभाग एवं सभी नगरीय निकायों के अधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त छठ पूजा समितियों की ओर से श्री पवन झा, पं. राकेश तिवारी, श्रीमती रीता सिंह, श्री बालकिशन यादव, श्री जय दीक्षित, श्री विनोद अकेला, श्री रामबाबू सिंह, श्रीमती उर्मिला पटेल , संवाददाता सायरा सूर्यवंशी एनसीआर,सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।











