प्रतापगढ़: अस्पताल में इलाज के दौरान मरीज की मौत, परिजनों ने डॉक्टरों पर लगाया लापरवाही का आरोप
संवाददाता मोहित पाल प्रतापगढ़। अस्पताल में उपचार के दौरान एक 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो जाने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान दशराम यादव निवासी साहबगंज बाजार देवलि, थाना लीलापुर के रूप में हुई है। बताया गया कि गुरुवार सुबह बुखार और दस्त की शिकायत के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मौत की खबर मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया। मृतक के भाई ने अस्पताल के डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नाराज परिजनों को समझाने का प्रयास किया।
नगर कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार यादव सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। सीओ सिटी आशुतोष मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।











