प्रतापगढ़: जंगल में सरकारी शीशम के पेड़ों की अवैध कटान का आरोप, पर्यावरण सेना ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
संवाददाता -सदानंद द्विवेदी लालगंज। प्रतापगढ़ जनपद के ऊधरपुर जंगल में सरकारी शीशम के पेड़ों की अवैध कटान का मामला सामने आया है। पर्यावरण सेना भारत के पदाधिकारियों ने जंगल में पहुंचकर काटे गए पेड़ों का निरीक्षण किया और मामले में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया।
पर्यावरण सेना के अनुसार, वन माफियाओं द्वारा वन विभाग और पुलिस की कथित मिलीभगत से पेड़ों की कटान कराई गई है। इसके साथ ही मड़ना नाले के आसपास जंगल की भूमि पर अवैध खनन किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
पर्यावरण सेना प्रमुख अजय क्रांतिकारी ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम लालगंज वाचस्पति सिंह को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने अवैध कटान और खनन की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान पर्यावरण सैनिक नेहा सरोज की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग भी उठाई गई। पर्यावरण सेना ने प्रशासन से जंगल और सरकारी संपत्ति की सुरक्षा के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की अपील की।











