गंगेहरा गुलाल गंज में दिनदहाड़े/शाम के वक्त घर से उड़े डेढ़ लाख के जेवर, रात्रि गश्त पर उठे सवाल
संवाददाता धीरेंद्र कुमार ऊँचाहार (रायबरेली)। ऊँचाहार कोतवाली क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की वारदातों ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है और स्थानीय पुलिस की रात्रि गश्त व सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। ताज़ा मामला गंगेहरा गुलाल गंज का है, जहाँ परिवार के सदस्यों के बाहर जाने के दौरान घर से लाखों रुपये के आभूषण चोरी हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गंगेहरा गुलाल गंज निवासी पीड़ित के परिवार के सभी सदस्य 22 नवंबर 2026 को शाम करीब 4:30 बजे गाँव में ही एक पारिवारिक निमंत्रण में गए हुए थे। निमंत्रण से लौटने के बाद जब पीड़ित और उनकी पत्नी सरिता अपने कमरे में पहुँचे, तो सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए। कमरे से लगभग डेढ़ लाख रुपये मूल्य के जेवर गायब थे।
चोरी गए आभूषणों में 5 लॉकेट वाला मंगलसूत्र, 1 अंगूठी, सहारे सहित 1 बेसर और दो जोड़ी पायल शामिल हैं। घर और आसपास काफी तलाश करने के बावजूद जब जेवरों का कोई सुराग नहीं मिला, तो पीड़ित को गाँव के ही रावेन्द्र (पुत्र हरिश्चंद्र) पर संदेह हुआ। बताया जा रहा है कि घटना के समय वह घर के पास खड़ा देखा गया था और पूर्व में भी ऐसी घटनाओं में उसका नाम सामने आता रहा है।
सूचना मिलते ही मौके पर डायल 112 (पीआरवी) पुलिस पहुँची और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद 23 नवंबर 2026 की सुबह करीब 10 बजे पीड़ित ने ऊँचाहार कोतवाली पहुँचकर संदिग्ध के खिलाफ लिखित प्रार्थना पत्र दिया और जल्द से जल्द कठोर कार्रवाई कर चोरी गए जेवर बरामद कराने की गुहार लगाई है। मामले में ऊँचाहार पुलिस ने बताया शिकयती पत्र मिला जांच कर विधिक कार्यवाई की जाएगी।











