महेशगंज थाने में शान से लहराया पुलिस ध्वज, जवानों ने दी सलामी
जिला संवाददाता अमित शुक्ला
पुलिस झंडा दिवस पर शौर्य, पराक्रम और कर्तव्यनिष्ठा का लिया संकल्प
प्रतापगढ़। पुलिस बल के गौरव, शौर्य और कर्तव्यनिष्ठा के प्रतीक पुलिस झंडा दिवस के अवसर पर सोमवार, 23 नवंबर को महेशगंज थाने में कार्यक्रम आयोजित किया गया। थानाध्यक्ष भूपेश नाथ सिंह के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने पुलिस ध्वज को सलामी देकर उसकी गरिमा को नमन किया।
इस दौरान थानाध्यक्ष ने पुलिस झंडा दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि 23 नवंबर 1952 को तत्कालीन प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने उत्तर प्रदेश पुलिस एवं पीएसी को ध्वज प्रदान किया था। तभी से प्रत्येक वर्ष 23 नवंबर को पुलिस झंडा दिवस मनाया जाता है।
थानाध्यक्ष ने कहा कि पुलिस ध्वज पुलिस बल की एकता, शौर्य, पराक्रम और गौरव का प्रतीक है। पुलिसकर्मियों ने देश और समाज की सुरक्षा के लिए पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में एसएसआई नीरज कुशवाहा, एसआई बृजेंद्र सिंह, शिवपाल सिंह समेत महेशगंज थाने के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।












