प्रतापगढ़ में पशु चोर गिरोह का खुलासा, शातिर अंतरजनपदीय अभियुक्त गिरफ्तार
जेठवारा पुलिस ने पशु चोरी की घटनाओं में शामिल मो. मुजीब को दबोचा, चोरी की बाइक बरामद।
प्रतापगढ़ के कई गांवों से 18 बकरियां चोरी करने की बात कबूली।
प्रयागराज के चंद्रशेखर आजाद पार्क से चोरी की गई मोटरसाइकिल भी बरामद।
गिरोह के तीन अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी पुलिस।
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा प्रतापगढ़। जिले में पशु चोरी की लगातार हो रही घटनाओं का खुलासा करते हुए जेठवारा पुलिस ने एक अंतरजनपदीय अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अभियुक्त की पहचान मो. मुजीब पुत्र मोहर्रम निवासी ननईया राहटीकर, थाना उदयपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से प्रयागराज से चोरी की गई एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, 30/31 अक्टूबर की रात ग्राम ऊदापुर से तीन बकरे और एक बकरी चोरी हुई थी। इस दौरान ग्रामीणों ने चमरूपुर पठान में संदिग्ध स्विफ्ट कार सवार चार लोगों को पकड़ने का प्रयास किया था। मौके से तीन लोग फरार हो गए, जबकि दीपक गौड़ को कार सहित पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया था।
इसी मामले की जांच और फरार अभियुक्तों की तलाश के दौरान जेठवारा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आशापुर मोड़ के पास से मो. मुजीब को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में अभियुक्त ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर प्रतापगढ़ के विभिन्न गांवों में पशु चोरी की घटनाएं करना स्वीकार किया। उसने भीखमपुर से 5, ऊदापुर से 3, सरायभीमसेन जहानपुर से 4, चमरूपुर पठान से 1 और बलीपुर परसन से 5 बकरियां चोरी करने की बात बताई।
जांच में बरामद मोटरसाइकिल प्रयागराज के चंद्रशेखर आजाद पार्क के गेट नंबर-1 से 8 अगस्त 2026 को चोरी होना पाया गया। इस संबंध में सिविल लाइंस थाने में मुकदमा दर्ज है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ जेठवारा और प्रयागराज के सिविल लाइंस थाने में चोरी के मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक पवन कुमार यादव और कांस्टेबल अरविंद कुमार शामिल रहे।











