प्रतापगढ़ सड़क हादसे में घायल व्यापारी रवि गुप्ता उर्फ लल्ला की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
पत्नी और दो मासूम बच्चों को छोड़ गए रवि, महुली बाजार में शोक की लहर
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा
प्रतापगढ़।
सड़क हादसे में घायल महुली बाजार निवासी व्यापारी रवि गुप्ता उर्फ लल्ला की बुधवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। उनके निधन की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी और दो मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया, वहीं महुली बाजार में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, 22 नवंबर की सुबह रवि गुप्ता वैगनआर कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान छीडा के पास उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हादसे के बाद से उनका उपचार चल रहा था। बुधवार को इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। रवि गुप्ता उर्फ लल्ला अपने मिलनसार और व्यवहार कुशल स्वभाव के लिए जाने जाते थे। महुली बाजार और आसपास के क्षेत्र में उन्होंने अपने अच्छे व्यवहार से लोगों के बीच खास पहचान बनाई थी। उनके असामयिक निधन से बाजार के व्यापारियों, मित्रों, परिचितों और शुभचिंतकों में गहरा दुख है। एक हंसता-खेलता परिवार अचानक गम में डूब गया।











