विशेष गहन पुनरीक्षण में पारदर्शिता और शुद्धता सर्वोपरि, प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल करना सुनिश्चित करें अधिकारी : उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ।

विशेष गहन पुनरीक्षण में पारदर्शिता और शुद्धता सर्वोपरि, प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल करना सुनिश्चित करें अधिकारी : उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ।

जिला क्राइम रिपोर्टर
सागर गोयल पानीपत हरियाणा।

पानीपत,25 नवंबर। हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास (आईएएस) ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जिला उपायुक्तों एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में मतदाता सूची के पुनरीक्षण, गणना प्रपत्रों के वितरण एवं संग्रहण, राजनीतिक दलों के साथ समन्वय, बूथ लेवल अधिकारियों के प्रशिक्षण और राष्ट्रीय मतदाता दिवस-2027 की तैयारियों सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने बताया कि जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। गणना प्रपत्रों की छपाई करवाकर सभी बूथ लेवल अधिकारियों को वितरित किए जा चुके हैं। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित कर उन्हें पुनरीक्षण प्रक्रिया और इससे संबंधित दिशा-निर्देशों की जानकारी दी जा चुकी है। इसके अतिरिक्त सभी बूथ लेवल अधिकारियों और पर्यवेक्षक अधिकारियों को भी आवश्यक प्रशिक्षण दिया गया है। उपायुक्त ने बताया कि बीएलए-द्वितीय को अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और दोहरे मतदाताओं की सूची उपलब्ध करवाई गई है, ताकि सूची में शामिल किसी ऐसे मतदाता के बारे में जानकारी मिलने पर संबंधित बूथ लेवल अधिकारी को सूचित किया जा सके और नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा सके। जिले में मतदाता जागरूकता के लिए इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब भी सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। राष्ट्रीय मतदाता दिवस-2027 के आयोजन को लेकर भी निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार तैयारियां की जा रही हैं।उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने की एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे और मतदाता सूची पूरी तरह शुद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित हो।उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी इस कार्य को नियमित सरकारी प्रक्रिया न समझकर लोकतंत्र के प्रति अपनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मानते हुए पूरी गंभीरता और जवाबदेही के साथ पूरा करें। प्रत्येक स्तर पर कार्य की निगरानी की जाए तथा किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल होने से न छूटे। उन्होंने कहा कि पुनरीक्षण कार्य में लापरवाही या अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। निर्वाचन आयोग की ओर से जारी प्रत्येक दिशा-निर्देश की समयबद्ध पालना सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. किरण सिंह, एसडीएम मनदीप कुमार, एसडीएम समालखा अमित कुमार, एसडीएम इसराना नवदीप नैन, नगराधीश टीनू पोसवाल, निर्वाचन तहसीलदार सुरेंद्र सहित, अमरेंद्र दहिया, महेंद्र, कोमल, नीलम के अलावा संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें