आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर दर्दनाक हादसा: बाइक सवार युवक की मौत, दो घायल
सावंददाता – अश्वनी कुमार
हाथरस के सादाबाद क्षेत्र में आगरा-अलीगढ़ राजमार्ग पर मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। अज्ञात वाहन की जोरदार टक्कर से बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने तुरंत घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सादाबाद पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक बाइक पर सवार लोकेश पुत्र रमेश चंद्र, सुनील पुत्र राजू और विशाल, तीनों दिल्ली गेट, अलीगढ़ के रहने वाले हैं। सभी आगरा से अलीगढ़ लौट रहे थे। अचानक अज्ञात वाहन की टक्कर से तीनों सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में लोकेश ने दम तोड़ दिया, जबकि सुनील और विशाल का इलाज जारी है।
पुलिस ने अज्ञात वाहन का सुराग लगाने के लिए हाईवे और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटा रही है।












