हाथरस में दंपति ने जहर खाया, गर्भवती पत्नी की मौत: मायके पक्ष ने ससुराल पर दहेज हत्या का आरोप लगाया
सवाददाता – अश्वनी कुमार
हाथरस की माधव विहार कॉलोनी में जहर खाने से एक गर्भवती विवाहिता की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज की मांग पूरी न होने पर साजिशन जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। मामला सोमवार देर शाम का है, जब माधव विहार कॉलोनी निवासी गोपाल यादव और उसकी पत्नी प्रिया यादव ने जहर खा लिया था। प्रिया की मौत मौके पर ही हो गई, जबकि गंभीर हालत में गोपाल को हायर सेंटर रेफर किया गया, जहां आगरा में उसका इलाज जारी है। पुलिस ने रात में ही 27 वर्षीय प्रिया के शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मंगलवार सुबह मृतका प्रिया के मायके पक्ष के लोग बड़ी संख्या में हाथरस पहुंचे। प्रिया के पिता रासो यादव, निवासी तेहरा गांव (जनपद मथुरा), ने कोतवाली हाथरस गेट में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या दहेज के लिए की गई है।रासो यादव के अनुसार, उनकी बेटी को उसके ससुर राजेश यादव और अन्य ससुरालजन दहेज को लेकर लगातार प्रताड़ित करते थे। इसी प्रताड़ना के चलते उन्होंने तीन साल तक बेटी और दामाद को अपने पास रखा था। लगभग एक साल पहले समधी ने दोनों को वापस हाथरस बुला लिया। पिता ने बताया कि इसके बाद भी प्रिया को प्रताड़ित किया जाता रहा। आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल पक्ष ने साजिश के तहत प्रिया और उसके पति दोनों को जहर दे दिया। दुख की बात यह है कि प्रिया चार माह की गर्भवती थी और अपने पीछे 2 साल की एक मासूम बच्ची छोड़ गई है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। परिवारजन की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।












