रक्षाबंधन पर बहनों को 48 घंटे मुफ्त बस यात्रा, इंदौर से प्रमुख इंटरसिटी मार्गों पर मिलेगी सुविधा
संवाददाता संतोष यादव | इंदौर
इंदौर। रक्षाबंधन के पर्व पर अपने भाइयों को राखी बांधने जाने वाली बहनों के लिए राहत भरी खबर है। अटल इंदौर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड (AICTCL) की ओर से इंदौर से संचालित प्रमुख इंटरसिटी चार्टर बसों में महिलाओं को 48 घंटे तक मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जा रही है।
यह सुविधा 27 अगस्त की सुबह 6 बजे से 29 अगस्त की सुबह 6 बजे तक उपलब्ध रहेगी। इस दौरान महिलाओं को निर्धारित इंटरसिटी चार्टर बसों में सफर के लिए किराया नहीं देना होगा।
AICTCL की ओर से पहली बार रक्षाबंधन के अवसर पर लगातार 48 घंटे तक इंटरसिटी बसों में महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जा रही है। इससे इंदौर से बाहर जाने और इंदौर आने वाली बहनों को त्योहार के दौरान बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
इन प्रमुख मार्गों पर मिलेगा लाभ
मुफ्त यात्रा की सुविधा इंदौर से भोपाल, सागर, उज्जैन, खरगोन, धार, झाबुआ, रतलाम, नीमच, मंदसौर, शाजापुर, गुना, अशोकनगर और ब्यावरा सहित प्रमुख इंटरसिटी मार्गों पर संचालित चार्टर बसों में दी जाएगी।
AICTCL की चार्टर बसों के रोजाना 150 से अधिक फेरे संचालित होते हैं। रक्षाबंधन के दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं के यात्रा करने की संभावना को देखते हुए यह सुविधा काफी उपयोगी मानी जा रही है।
सिटी बसों में मुफ्त सफर पर अभी औपचारिक घोषणा नहीं
रक्षाबंधन के अवसर पर शहर में संचालित सिटी बसों में भी महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा दिए जाने की चर्चा है। हालांकि, AICTCL की ओर से अभी इस संबंध में औपचारिक घोषणा नहीं की गई है। औपचारिक आदेश जारी होने के बाद ही सिटी बसों में मुफ्त यात्रा की अवधि और नियम स्पष्ट होंगे।
त्योहार पर बढ़ जाता है यात्रियों का दबाव
चार्टर बस के प्रमुख कैलाश चौहान के अनुसार, सामान्य दिनों में चार्टर बसों से रोजाना करीब 5 से 6 हजार यात्री सफर करते हैं। त्योहारों के दौरान यह संख्या बढ़कर करीब 8 से 9 हजार यात्री प्रतिदिन तक पहुंच जाती है। इनमें महिलाओं की हिस्सेदारी लगभग 40 प्रतिशत रहती है।
ऐसे में रक्षाबंधन के 48 घंटे के दौरान हजारों महिलाओं को बिना किराया दिए यात्रा करने का लाभ मिल सकता है।











