कौड़िहार के सरकारी अस्पताल में ओपीडी पर्ची पर अवैध वसूली, जिम्मेदार अधिकारी मौन
संवाददाता अमित तिवारी, प्रयागराज। जिले के कौड़िहार ब्लॉक स्थित सरकारी अस्पताल में मरीजों से खुलेआम अवैध वसूली की जा रही है। अस्पताल में तैनात कर्मचारियों द्वारा नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए एक रुपए में मिलने वाली ओपीडी पर्ची के बदले मरीजों से 10 रुपए तक वसूले जा रहे हैं।
यह मामला तब सामने आया जब अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचे ग्रामीण मरीजों ने पर्ची कटवाने के दौरान निर्धारित शुल्क से कई गुना अधिक पैसे मांगे जाने की शिकायत की। मरीजों द्वारा जब कर्मचारियों से इसका कारण पूछा गया तो जवाब मिला कि छुट्टी के दिन ‘एक्स्ट्रा चार्ज’ लिया जाता है।
ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले अधिकतर मरीज आर्थिक रूप से कमजोर हैं और सरकारी अस्पतालों में इलाज कराने की उम्मीद लेकर पहुंचते हैं। लेकिन यहां उनके साथ मनमानी और शोषण हो रहा है। मरीजों और उनके परिजनों का कहना है कि छुट्टी के दिन कर्मचारियों द्वारा जबरन अतिरिक्त राशि वसूली जाती है, जबकि अस्पताल में ओपीडी पर्ची की निर्धारित कीमत मात्र एक रुपए ही है।
जिम्मेदार अधिकारी बेखबर
सबसे हैरानी की बात यह है कि अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार अधिकारी इस अवैध वसूली से पूरी तरह अनजान बने हुए हैं। अधीक्षक स्तर पर भी इस पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा, जिससे कर्मचारियों के हौसले बुलंद हैं और वे खुलेआम मरीजों से मनमाना पैसा वसूल रहे हैं।
ग्रामीणों ने उठाई आवाज
इलाके के जागरूक ग्रामीणों ने इस अव्यवस्था और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठानी शुरू कर दी है। उनका कहना है कि सरकारी अस्पतालों का उद्देश्य गरीब और असहाय मरीजों को सुलभ और सस्ता इलाज उपलब्ध कराना है, लेकिन यहां इलाज से पहले ही लूट शुरू हो जाती है। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों से इस मामले में संज्ञान लेकर दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
प्रशासनिक चुप्पी पर उठे सवाल
इस पूरे प्रकरण ने जिला स्वास्थ्य प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अगर समय रहते इस अवैध वसूली पर रोक नहीं लगाई गई तो यह लापरवाही ग्रामीण मरीजों की जेब पर लगातार बोझ डालती रहेगी।
फिलहाल मरीजों को न्याय और राहत की आस है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस शिकायत पर कब तक कार्रवाई करता है।
ये भी पढ़ें 17 अप्रैल 2025 , बृहस्पतिवार- आज का राशिफल












