रिखैयापुर माँ काली धाम में माँ काली और भैरव बाबा की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न, विधायक विनोद सरोज ने किए दर्शन-पूजन
संवाददाता सुमित मिश्रा
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से हुई प्राण प्रतिष्ठा, जयकारों से गूंजा धाम परिसर
कुंडा/प्रतापगढ़। बाबागंज विकास खंड की राजापुर ग्राम पंचायत के रिखैयापुर स्थित प्रसिद्ध माँ काली धाम में सोमवार को नवनिर्मित माँ काली और भैरव बाबा के मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह धूमधाम से संपन्न हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इस दौरान पूरा धाम परिसर माँ काली के जयकारों से गूंज उठा।
क्षेत्रीय लोगों के सहयोग से माँ काली धाम परिसर में नवनिर्मित मंदिरों का निर्माण कराया गया था। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद काशी विश्वनाथ से पधारे विद्वान आचार्यों ने प्रतापगढ़ के प्रसिद्ध आचार्य अरविंद शुक्ला के नेतृत्व में वैदिक रीति-रिवाज से माँ काली और भैरव बाबा की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा कराई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के प्रदेश अध्यक्ष एवं बाबागंज विधायक विनोद सरोज शामिल हुए। उन्होंने माँ काली और भैरव बाबा का विधिवत दर्शन-पूजन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की।
इस भव्य धार्मिक आयोजन का संचालन वरिष्ठ पत्रकार रूपेंद्र शुक्ला के नेतृत्व में क्षेत्र के गणमान्य लोगों के सहयोग से किया गया। इस अवसर पर रूपेंद्र शुक्ला ने अतिथियों, विद्वान आचार्यों और श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि माँ काली धाम जन-जन की आस्था का केंद्र है। माँ के दरबार में आने वाले श्रद्धालुओं की गहरी आस्था उन्हें आध्यात्मिक शक्ति और संबल प्रदान करती है।
समारोह में प्रधान राजापुर प्रतिनिधि सुमित प्रताप सिंह, विनीत पांडेय, रामनगर, समाजसेवी आदर्श पांडेय डीहबलई सहित क्षेत्र के गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।












