ई-रिक्शा चालक की मौत पर लोजपा प्रदेश अध्यक्ष ने जताया शोक, परिजनों ने पुलिस पर लगाया तहरीर बदलवाने का आरोप
जिला संवाददाता अमित शुक्ला
पीड़ित परिवार ने नामजद आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की उठाई मांग, प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कराने का दिया आश्वासन
बाबागंज/प्रतापगढ़। महेशगंज थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के जिला उपाध्यक्ष विश्वनाथ सरोज की मौत के बाद सोमवार को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजीव पासी प्रतिनिधिमंडल के साथ पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाया और मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया।
दीवान का पुरवा पूरे किसुनी निवासी विश्वनाथ सरोज पुत्र स्व. रामसुख की सात अक्टूबर को शाम करीब छह बजे हुलासगढ़ बाजार के पास स्कॉर्पियो की टक्कर से मौत हो गई थी। वह ई-रिक्शा लेकर बाजार की ओर गए थे। घटना के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। मृतक के पुत्र राजेश कुमार की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
परिजनों से मुलाकात के दौरान प्रदेश अध्यक्ष के सामने पुलिस पर तहरीर बदलवाने और मामले में प्रभावी कार्रवाई न करने के आरोप लगाए गए। इसके बाद राजीव पासी ने महेशगंज थानाध्यक्ष राहुल कुमार गौतम से वार्ता कर मामले की जानकारी ली। उन्होंने यशवंत यादव पुत्र रामचंद्र यादव, निवासी चेतरा, थाना महेशगंज को नामजद करते हुए कार्रवाई की मांग की।
प्रदेश अध्यक्ष ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कराने का भी आश्वासन दिया। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा।
मौके पर मृतक के पुत्र राजेश सरोज, रमेश सरोज, विजयपाल सरोज, राजाराम सरोज, सुरेंद्र कुमार, विनोद कुमार, दीपू पासी, प्रमोद कुमार, राकेश, अवधेश समेत पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।











