बलरामपुर में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान शुरू, 18 वर्ष से अधिक उम्र के युवाओं के नाम जोड़ने पर जोर
छूटे हुए पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने की पहल, फॉर्म-6, 7 और 8 के जरिए कर सकेंगे आवेदन
संवाददाता शहंशाह बलरामपुर, उत्तर प्रदेश। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर बलरामपुर जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में निर्वाचक नामावलियों के निरंतर पुनरीक्षण-2026 के तहत विशेष अभियान शुरू किया गया है। अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाना और यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
विधानसभा क्षेत्र 294-बलरामपुर के उपजिलाधिकारी एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि निर्वाचन आयोग की मंशा “No Voter to be Left Behind” यानी कोई मतदाता न छूटे, के तहत 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के युवाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके साथ ही महिलाओं, दिव्यांगजनों और ऐसे पात्र नागरिकों को भी सूची में शामिल करने की पहल की जा रही है, जिनके नाम अभी तक दर्ज नहीं हैं।
तीन प्रकार के फॉर्म से कर सकेंगे आवेदन
मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, संशोधन कराने या किसी प्रविष्टि पर आपत्ति दर्ज करने के लिए अलग-अलग फॉर्म निर्धारित किए गए हैं। नए मतदाता के रूप में नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6, नाम हटाने या आपत्ति दर्ज कराने के लिए फॉर्म-7 तथा नाम, पता या अन्य विवरण में संशोधन और निवास स्थान बदलने की स्थिति में फॉर्म-8 का उपयोग किया जा सकता है।
ये फॉर्म बूथ लेवल अधिकारी (BLO), तहसील और जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं। इसके अलावा नागरिक निर्वाचन आयोग के मतदाता सेवा पोर्टल voters.eci.gov.in तथा ECINET मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं।
पात्र नागरिकों से नाम दर्ज कराने की अपील
उपजिलाधिकारी मनोज कुमार ने संबंधित विभागों, राजनीतिक दलों और बूथ लेवल एजेंटों से अभियान में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने पात्र युवाओं और उन नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने का आह्वान किया, जिनका नाम किसी कारणवश सूची में शामिल नहीं हो सका है।
प्रशासन का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक समावेशी और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सके।











