भागवत कथा के दौरान धमाका, प्रधान प्रतिनिधि की पत्नी की मौत; तीन झुलसे
संवाददाता: बृजेंद्र शर्मा बाघराय, प्रतापगढ़। भागवत कथा के आयोजन के बीच सोमवार शाम रोर गांव में हुए हादसे से खुशियां मातम में बदल गईं। आरती की तैयारी के दौरान घर में हुए धमाके में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि संतोष कुमार पांडेय की पत्नी गिरजा देवी (51) की मौत हो गई, जबकि तीन लोग झुलसकर घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, बिहार ब्लॉक के रोर गांव में ग्राम प्रधान शीला शशि पांडेय के यहां भागवत कथा का आयोजन चल रहा था। सोमवार शाम करीब सात बजे आरती की तैयारी की जा रही थी। इसी दौरान घर के अंदर अचानक धमाका हुआ। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, गैस सिलेंडर की पाइप से रिसाव होने और कमरे में गैस भरने की आशंका जताई जा रही है। धमाके के कारण कमरे का दरवाजा टूटकर गिर पड़ा। हादसे में गिरजा देवी की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं, सुकुलपुर पचैंया निवासी वीरेंद्र शुक्ल (40), तिवारी महमदपुर निवासी नवल मिश्र (40) और सुकुलपुर निवासी अंशू (18) झुलसकर घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही सीओ सदर मनोज रघुवंशी, बाघराय थानाध्यक्ष श्रवण कुमार और कमासिन चौकी प्रभारी देवीदयाल वर्मा मौके पर पहुंचे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मामले की जांच में जुटे हैं। हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना के बाद मृतका के परिवार में कोहराम मचा है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है।











