कुंए में फंसे कोबरा को सुरक्षित निकाला, सर्प मित्र की सूझबूझ से टली अनहोनी
प्रतापगढ़: बाघराय थाना क्षेत्र के कमासिन इलाके में शनिवार को एक पुराने कुंए में गिरे कोबरा सांप को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। यह घटना कमासिन बाजार से सिंगारपुर मार्ग के बीच चकवड़ क्षेत्र में नहर के पास स्थित एक बाग की है, जहां वर्षों पुराना और जर्जर कुंआ मौजूद है।
राहगीरों की नजर जब कुंए में गिरे कोबरा पर पड़ी तो इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने अपने स्तर से सांप को निकालने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद मांधाता निवासी संजय मिश्रा ने तत्काल सर्प मित्र कृष्ण कुमार (निवासी बाघराय) को फोन कर सूचना दी।
सूचना मिलते ही सर्प मित्र कृष्ण कुमार मौके पर पहुंचे और पूरी सावधानी के साथ कुंए में उतरकर कड़ी मशक्कत के बाद कोबरा को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सर्प मित्र ने बताया कि सांप काफी पुराना प्रतीत हो रहा था और संभवतः कई दिनों से कुंए में फंसा हुआ था।
कोबरा के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद मौजूद राहगीरों ने राहत की सांस ली और सर्प मित्र कृष्ण कुमार के साहस व तत्परता की जमकर सराहना की। इस रेस्क्यू से न केवल सांप की जान बची, बल्कि किसी बड़े हादसे की आशंका भी टल गई।
ये भी पढ़ें एटा में अवैध निजी अस्पतालों पर स्वास्थ्य विभाग की सख्ती, न्यू लाइफ हॉस्पिटल को जारी हुआ नोटिस।












