इंडियन प्रेस काउंसिल की बैठक में संगठन विस्तार पर जोर, निष्क्रिय सदस्यों को बाहर करने का निर्णय
-सदस्यता अभियान तेज करने के लिए आनंद शुक्ला बने प्रभारी
संवाददाता अवधेश चंद्र पांडेय
कुंडा: प्रतापगढ़। इंडियन प्रेस काउंसिल की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को कुंडा के कबरियागंज स्थित कार्यालय पर आयोजित की गई। बैठक में संगठन विस्तार, निष्क्रिय पदाधिकारियों को बाहर करने और पत्रकारों की समस्याओं के समाधान पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता संगठन के संस्थापक वीसी मिश्रा ने करते हुए कहाकि इंडियन प्रेस काउंसिल का उद्देश्य पत्रकारों की आवाज़ को मजबूत बनाना है। संगठन तभी प्रभावी होगा, जब इसके सदस्य सक्रिय और जिम्मेदार हों। इसलिए निष्क्रिय पदाधिकारियों को बाहर करने और सदस्यता अभियान को तेज करने का निर्णय समय की मांग है। हमारा लक्ष्य है कि संगठन पूरे देश में पत्रकारों के लिए भरोसेमंद मंच बने। बैठक में यह तय किया गया कि संगठन को नई ऊर्जा और पारदर्शिता देने के लिए व्यापक सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए राष्ट्रीय संगठन मंत्री आनंद शुक्ला को सदस्यता अभियान का प्रभारी घोषित किया गया। इस अवसर पर आनंद शुक्ला ने कहा इंडियन प्रेस काउंसिल को एक मजबूत, सक्रिय और जवाबदेह संगठन बनाना हमारी प्राथमिकता है। संगठन में वही लोग बने रहेंगे जो पत्रकार हितों के लिए ईमानदारी और समर्पण के साथ काम करने को तैयार हैं। सदस्यता अभियान पूरे जिले और अन्य राज्यों में तेज गति से चलाया जाएगा। बैठक में पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और कार्यस्थल पर आने वाली समस्याओं के निराकरण पर भी चर्चा की गई। संगठन जल्द ही जिले में पत्रकारों के लिए हेल्पडेस्क और कानूनी सहायता सेल चलाने की तैयारी कर रहा है। बैठक में राष्ट्रीय महासचिव कुलदीप कुमार, संरक्षक अजय मिश्रा, अमरनाथ यादव, तहसील अध्यक्ष लोकेश मिश्रा, महामंत्री संदीप साहू, दिनेश पाल, अंकुश यादव, संजय शुक्ला, शहबाज खान, प्रशांत द्विवेदी, सोनू गुप्ता, प्रमोद कुमार, शिवमोहन यादव,राम भुवाल सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।












