दबंग भू-माफिया प्रधान पर जमीन कब्जाने का आरोप, पीड़ित परिवार कलेक्ट्रेट में धरने पर
संवाद दाता: पंकज मिश्रा
मैनपुरी। उत्तर प्रदेश सरकार भले ही भू-माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई के दावे करती हो, लेकिन जनपद मैनपुरी में दबंग भू-माफियाओं के हौसले कम होते नजर नहीं आ रहे हैं। ताजा मामला भोगांव थाना क्षेत्र के गांव दीवनपुर चौधरी का है, जहां गांव के प्रधान पर पैतृक जमीन पर कब्जा कराने का गंभीर आरोप लगाते हुए पीड़ित परिवार धरने पर बैठ गया है। गांव निवासी रामनरेश शर्मा अपने परिवार के साथ कलेक्ट्रेट परिसर स्थित तिकोनिया पार्क में धरना दे रहे हैं। पीड़ित के पुत्र चेतन शर्मा का आरोप है कि गांव के प्रधान महाराज सिंह द्वारा उनकी पैतृक जमीन पर जबरन कब्जा कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में बीते दो महीनों से जिलाधिकारी कार्यालय और तहसील स्तर पर कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई। पीड़ित परिवार का कहना है कि प्रधान द्वारा उनकी जमीन काटते हुए जबरन चकरोड डलवाया जा रहा है। जबकि वास्तविक चकरोड करीब 7 फुट चौड़ा है, उसे बढ़ाकर 12 फुट किया जा रहा है, जिससे उनकी पैतृक जमीन का बड़ा हिस्सा कम हो रहा है। परिवार का आरोप है कि यह सब दबंगई और मिलीभगत के चलते किया जा रहा है। धरने पर बैठे परिजनों ने बताया कि वे सुबह करीब 8:30 बजे से धरने पर बैठे हैं, लेकिन समाचार लिखे जाने तक किसी भी प्रशासनिक अधिकारी ने उनसे मिलकर समस्या जानने की जहमत नहीं उठाई है। पीड़ित परिवार ने साफ कहा है कि जब तक उनकी जमीन की विधिवत नाप-तौल नहीं हो जाती और कब्जाई गई जमीन उन्हें वापस नहीं मिल जाती, तब तक उनका धरना जारी रहेगा। इस दौरान 75 वर्षीय रामनरेश शर्मा ने अपनी पीड़ा साझा करते हुए कहा कि यह जमीन उनके पूर्वजों की है, जिसे छीनने की कोशिश की जा रही है। अपनी व्यथा बताते समय उनकी आंखों से बहते आंसू उनकी बेबसी और दर्द को बयां कर रहे थे।
फिलहाल पीड़ित परिवार प्रशासन से निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग कर रहा है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस मामले में कब और क्या कार्रवाई करता है।












