एटा-टूंडला मार्ग पर दर्दनाक हादसा: खड़े डंपर से भिड़ी बाइक, 52 वर्षीय व्यक्ति की मौत।
संवादाता अमन अहमद।
एटा जनपद के सकरौली थाना क्षेत्र में एटा-टूंडला रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। सेवला मोड़ के पास सड़क किनारे खड़े एक डंपर में पीछे से बाइक टकरा जाने के कारण 52 वर्षीय बाइक सवार की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। मृतक की पहचान रामवीर पुत्र हनुमंत सिंह (52 वर्ष) निवासी धर्मशाला, थाना बकेवर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रामवीर किसी निजी कार्य से बाइक द्वारा जा रहे थे। इसी दौरान सेवला मोड़ के समीप सड़क के किनारे खड़े डंपर से उनकी बाइक जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि रामवीर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके से गुजर रहे राहगीरों ने घायल अवस्था में पड़े रामवीर को देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सकरौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस की मदद से घायल को नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त बाइक और डंपर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। थाना प्रभारी सीमा त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।












