एटा ईडी–सीबीआई के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, भाजपा कार्यालय घेराव की कोशिश नाकाम।
संवाददाता अमन अहमद।
एटा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय का घेराव करने के लिए पैदल मार्च कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने समय रहते उन्हें रोक दिया। यह प्रदर्शन नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी और राहुल गांधी को उच्च न्यायालय से राहत मिलने के बाद आयोजित किया गया। शहर अध्यक्ष विनीत पाराशर के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता पूर्व राज्यसभा सांसद सत्या बहन के कार्यालय पर एकत्र हुए और वहां से भाजपा कार्यालय की ओर मार्च शुरू किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ईडी और सीबीआई के खिलाफ नारेबाजी की।सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और सुरक्षा के मद्देनज़र कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोक दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार राजनीतिक बदले की भावना से केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है और कांग्रेस नेताओं की छवि खराब करने की कोशिश कर रही है। शहर अध्यक्ष विनीत पाराशर ने कहा कि नेशनल हेराल्ड मामले में ईडी द्वारा लगभग दस साल पहले मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसका उद्देश्य केंद्र की मोदी सरकार के इशारे पर सोनिया गांधी और राहुल गांधी को फंसाना था। उन्होंने दावा किया कि उच्च न्यायालय ने इस मुकदमे को खारिज कर दिया है।
प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य ठाकुर अनिल सोलंकी, कांग्रेस पार्टी के सुनील एडवोकेट सहित कई कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।












