एटा पुलिस की तत्परता से पीड़ित को मिली राहत: साइबर टीम ने लौटाए 80 हजार रुपये।
संवादाता अमन अहमद।
एटा जनपद में साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में एक और सराहनीय पहल सामने आई है। थाना कोतवाली नगर की साइबर क्राइम टीम ने त्वरित और सतर्क कार्रवाई करते हुए गलती से अनजान खाते में ट्रांसफर हुई 80 हजार रुपये की पूरी धनराशि पीड़ित को वापस दिला दी। इस सफलता से आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है। मामला उस समय सामने आया जब एक नागरिक से भूलवश 80,000 रुपये किसी अज्ञात व्यक्ति के बैंक खाते में स्थानांतरित हो गए। पीड़ित ने तुरंत थाना कोतवाली नगर में प्रार्थना पत्र देकर सहायता की गुहार लगाई। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक अपराध के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में साइबर टीम को तत्काल जांच के निर्देश दिए गए।साइबर क्राइम टीम ने बिना समय गंवाए संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित किया और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर धनराशि को फ्रीज कर आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं। लगातार प्रयासों के बाद टीम ने शत-प्रतिशत रकम पीड़ित के खाते में सुरक्षित रूप से वापस करा दी।
अपनी रकम वापस मिलने पर पीड़ित ने एटा पुलिस की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए आभार जताया। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक प्रेमपाल सिंह, उपनिरीक्षक रविराज सिंह, आरक्षी लोकेश और आरक्षी विनय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। एटा पुलिस की यह पहल साइबर अपराधों के विरुद्ध एक सकारात्मक संदेश देती।












