हाथरस में दिनदहाड़े अपहरण से हड़कंप, स्कॉर्पियो सवारों ने युवक को उठाया, पुलिस ने किया बरामद
संवाददाता – अश्वनी कुमार
हाथरस के इंडस्ट्रियल एरिया में बुधवार सुबह दिनदहाड़े एक युवक के अपहरण की सनसनीखेज वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। स्कॉर्पियो सवार युवकों ने बाइक से जा रहे युवक को जबरन गिराकर गाड़ी में बैठा लिया और फरार हो गए। घटना सुबह करीब 10:30 बजे हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र की है। अपहृत युवक की पहचान मोहल्ला रमनपुर निवासी रवि कुलश्रेष्ठ के रूप में हुई है, जो मसाला आदि बेचने का काम करता है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कॉर्पियो सवार युवकों ने पहले रवि की बाइक को रोका, फिर उसे धक्का देकर नीचे गिराया और जबरन गाड़ी में डालकर ले गए। हड़बड़ी में उसके जूते भी मौके पर ही छूट गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। सीओ सिटी योगेंद्र कृष्ण नारायण, अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाहा और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि अपहृत युवक रवि कुलश्रेष्ठ के खिलाफ धोखाधड़ी के कई मुकदमे दर्ज हैं। उस पर गैर-जमानती वारंट भी जारी थे, जो हाथरस के अलावा आसपास के जिलों से भी जारी बताए जा रहे हैं।
तेज कार्रवाई करते हुए पुलिस ने रवि कुलश्रेष्ठ को सिकंदरा, आगरा से सकुशल बरामद कर लिया। इस मामले में सोनवीर सिंह और उमेश सिंह निवासी सींगना थाना सिकंदरा आगरा, अंकित निवासी भंगेडी थाना बहेड़ी बरेली तथा एक किशोर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने अपहरण में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो गाड़ी भी बरामद कर ली है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे साबुन और सर्फ के व्यापारी हैं। उन्होंने रवि को करीब 55 हजार रुपये का माल दिया था, जिसके बदले उसने चेक दिया था। चेक बाउंस हो गया और रवि लगातार पैसे लौटाने से टालमटोल कर रहा था। इसी के चलते उन्होंने यह कदम उठाया। इधर, पुलिस का कहना है कि रवि कुलश्रेष्ठ ने एक दर्जन से अधिक व्यापारियों से पैसे ले रखे थे और उन्हें वापस नहीं कर रहा था। इस संबंध में उसके खिलाफ एनआई एक्ट के तहत 12 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाहा ने बताया कि युवक को जबरन स्कॉर्पियो में बैठाकर ले जाने की सूचना सही पाई गई है। पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।












