हाथरस में अज्ञात वाहन की टक्कर से मोपेड सवार युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम
संवाददाता – अश्वनी कुमार जिला – हाथरस
हाथरस जनपद में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोपेड सवार युवक की मौत हो गई। यह हादसा सासनी कोतवाली क्षेत्र के अलीगढ़ रोड स्थित मंडी समिति के पास हुआ, जहां एक अज्ञात वाहन ने मोपेड को टक्कर मार दी।
हादसे में घायल युवक की पहचान गांव निनामई निवासी 40 वर्षीय बलवीर सिंह पुत्र वीरेंद्र सिंह के रूप में हुई है। बताया गया है कि बलवीर सिंह ने हाल ही में सासनी क्षेत्र में कंकाली मंदिर के पास नाश्ते की दुकान खोली थी। शनिवार सुबह वह अपने बेटे को दुकान पर छोड़कर मोपेड से सासनी कस्बे से सामान लेने जा रहे थे। इसी दौरान मंडी समिति के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी मोपेड में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई। गंभीर रूप से घायल बलवीर सिंह को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सासनी ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए उन्हें हाथरस जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
हालांकि जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही बलवीर सिंह ने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए, जहां मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
बलवीर सिंह अपने पीछे दो बच्चों सहित परिवार के अन्य सदस्यों को छोड़ गए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई












