हाथरस में सीएमओ ने जन आरोग्य मेलों का किया निरीक्षण, कई केंद्रों पर मिलीं खामियां
संवाददाता – अश्वनी कुमार जिला – हाथरस
हाथरस में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. राजीव राय ने मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेलों के तहत संचालित स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) टिकारी, सलेमपुर और हाथरस जंक्शन का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान कुछ केंद्रों पर व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं, जबकि कुछ स्थानों पर खामियां और कर्मचारियों की अनुपस्थिति सामने आई। सीएमओ के निरीक्षण के दौरान पीएचसी टिकारी में फार्मासिस्ट शिव कुमार और वार्ड बॉय सत्यवीर उपस्थित मिले, जबकि चिकित्साधिकारी डॉ. अनंत कुमार मौके पर नहीं थे। बताया गया कि डॉ. अनंत कुमार उस दिन इमरजेंसी ड्यूटी पर थे। निरीक्षण के समय तक यहां 13 मरीजों को दवाएं दी जा चुकी थीं। पीएचसी टिकारी में साफ-सफाई की व्यवस्था काफी अच्छी पाई गई। फार्मासिस्ट ने बताया कि केंद्र पर 155 प्रकार की दवाएं उपलब्ध हैं तथा शुगर, डेंगू, मलेरिया, हीमोग्लोबिन सहित सभी सामान्य जांचें की जा रही हैं। हालांकि पब्लिक एड्रेस सिस्टम उपलब्ध न होने पर सीएमओ ने उसके उपयोग के निर्देश दिए। पीएचसी सलेमपुर के निरीक्षण के दौरान संविदा चिकित्साधिकारी डॉ. नीलम, फार्मासिस्ट चंद्रभान सिंह और अन्य कर्मचारी मौजूद मिले। वहीं, स्टाफ नर्स अमिता सिंह आकस्मिक अवकाश पर होने के कारण अनुपस्थित रहीं। निरीक्षण के समय तक यहां 25 मरीजों को उपचार दिया जा चुका था। सलेमपुर पीएचसी में 195 दवाओं के सापेक्ष 170 दवाएं उपलब्ध पाई गईं। साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक रही, लेकिन प्रसव कक्ष में डस्टबिन कूड़े से भरे मिले। इस लापरवाही पर सीएमओ ने वार्ड बॉय को कड़ी चेतावनी देते हुए भविष्य में सुधार के निर्देश दिए।
पीएचसी हाथरस जंक्शन के निरीक्षण के दौरान संविदा चिकित्साधिकारी डॉ. राजेश, फार्मासिस्ट यशवीर सिंह, लैब टेक्नीशियन निक्को सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित मिले। निरीक्षण के समय तक यहां 21 मरीजों को देखा जा चुका था। आरोग्य मेले का बैनर पुराना लगा मिलने पर सीएमओ ने नया बैनर लगाने के निर्देश दिए। फार्मासिस्ट ने बताया कि केंद्र पर 195 दवाओं के सापेक्ष सभी 195 दवाएं उपलब्ध हैं। वहीं लैब टेक्नीशियन ने जानकारी दी कि शुगर, डेंगू, मलेरिया, हीमोग्लोबिन, यूरिन और स्पूटम जैसी सभी आवश्यक जांचें नियमित रूप से की जा रही हैं।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने संबंधित कर्मचारियों को जन आरोग्य मेलों की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने तथा मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।












