चपरासी के भरोसे चल रहा नलकूप उपखंड कार्यालय, अधिकारी व कर्मचारी नदारद

डुमरियागंज: चपरासी के भरोसे चल रहा नलकूप उपखंड कार्यालय, अधिकारी व कर्मचारी नदारद

संवाददाता: श्याम नंदन शुक्ला. सिद्धार्थनगर-डुमरियागंज। नलकूप उपखंड कार्यालय डुमरियागंज पूरी तरह रामभरोसे चलता नजर आ रहा है। कार्यालय में अवर अभियंता, उपखंड अधिकारी और लिपिक समेत अन्य कर्मचारी अक्सर गैरहाजिर रहते हैं। आलम यह है कि दफ्तर का कामकाज चपरासी के भरोसे चल रहा है।

कार्यालय में तैनात सहायक अभियंता दो-दो उपखंडों का कार्यभार संभाल रहे हैं, जिससे लापरवाही और अराजकता की स्थिति बनी हुई है। कार्यालय में समय से अधिकारी-कर्मचारी न आने के कारण आम जनता को पानी से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

लोग शिकायत लेकर आते हैं और घंटों इंतजार के बाद निराश लौट जाते हैं। कार्यालय में कौन अधिकारी-कर्मचारी तैनात हैं, इसकी भी स्पष्ट जानकारी लोगों को नहीं है।

सूत्रों की मानें तो इस कार्यालय के अंतर्गत चार अवर अभियंता, एक लिपिक, एक सहायक अभियंता, एक चपरासी, एक मुंशी और 32 ट्यूबवेल ऑपरेटर तैनात हैं।

कल अवर अभियंता अरविंद कुमार से संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि वे बांसी में रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं, लेकिन जब उनसे खराब नलकूपों की संख्या पूछी गई तो उन्होंने टालमटोल कर दी और कहा कि इसकी जानकारी “साहब” देंगे।

जब अधिशासी अभियंता नलकूप खंड सिद्धार्थनगर, विपिन वर्मा से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि वे विभागीय कार्य से प्रयागराज में थे, इसलिए कॉल रिसीव नहीं कर सके। उन्होंने कहा कि जो भी कर्मचारी कार्यालय से गायब थे, उनके खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा जाएगा और यदि जवाब संतोषजनक नहीं मिला, तो कठोर कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें कल आएगा यूपी बोर्ड का रिजल्ट, 10वीं-12वीं के लाखों छात्रों की धड़कनें तेज

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें