जनता समाधान शिविर बना आमजन की उम्मीदों का केंद्र, 26 शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश
जिला क्राइम रिपोर्टर
सागर गोयल पानीपत, हरियाणा।
पानीपत, 29 दिसंबर। हरियाणा सरकार द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से लगाए जा रहे जनता समाधान शिविर आम लोगों के लिए राहत का मजबूत माध्यम बनते जा रहे हैं। जिला सचिवालय सभागार में सोमवार को आयोजित जनता समाधान शिविर की अध्यक्षता करते हुए एसडीएम मनदीप कुमार ने कहा कि यह शिविर आमजन की उम्मीदों का केंद्र है, जहां बिना किसी भेदभाव के हर शिकायत को गंभीरता से सुना जा रहा है और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। एसडीएम मनदीप कुमार ने कहा कि सरकार-प्रशासन जनता के द्वार की सोच को साकार करते हुए समाधान शिविरों के माध्यम से आम नागरिकों को कार्यालयों के चक्कर लगाने से मुक्ति दिला रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र हल किया जाए, ताकि लोगों का प्रशासन पर विश्वास और अधिक मजबूत हो। नगर निगम के संयुक्त आयुक्त डॉ. संजय ने कहा कि नगर निगम नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। समाधान शिविर में प्राप्त शिकायतों पर तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं, जिससे शहरवासियों को शीघ्र राहत मिल सके। जिला परिषद की सीईओ डॉ. किरण ने कहा कि जनता समाधान शिविर प्रशासन और आमजन के बीच संवाद का सशक्त मंच है। इससे लोगों की समस्याएं सीधे अधिकारियों तक पहुंच रही हैं और पारदर्शी तरीके से उनका निस्तारण हो रहा है।
वहीं डीएसपी सतीश वत्स ने कहा कि पुलिस विभाग आमजन की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह सजग है। शिविर में प्राप्त पुलिस से संबंधित शिकायतों पर निष्पक्ष और गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आम नागरिक बिना किसी भय के अपनी शिकायत प्रशासन के समक्ष रख सकता है। सोमवार को आयोजित समाधान शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 26 शिकायतें दर्ज की गईं, जिन पर एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
शिविर में सेक्टर-11 के निवासियों ने पार्क में जर्जर हो चुके पेड़ों को कटवाने की मांग रखी। प्रार्थी कुलदीप, निवासी सिवाह ने रास्तों पर लगाए गए अवैध गेट हटवाने का अनुरोध किया। प्रार्थी रितु, निवासी झांबा ने विधवा पेंशन बनवाने की मांग रखी, जबकि प्रार्थी यशपाल ने पुरानी बस स्टैंड पर सुलभ शौचालय निर्माण की मांग प्रशासन के समक्ष रखी।
इस अवसर पर डीएचओ संदीप, एलडीएम राजकुमार, पब्लिक हेल्थ के कार्यकारी अभियंता करण बहल, कृषि विभाग के सहायक कार्यकारी अधिकारी सुधीर, पुलिस विभाग के कंप्लेंड अधिकारी महेश त्यागी, संजीव शर्मा, जोगिंदर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।












