हाथरस में हाईटेंशन तार की चपेट में आया 10 वर्षीय बच्चा, हालत गंभीर
संवाददाता – अश्वनी कुमार
जिला – हाथरस
हाथरस जिले के हाथरस जंक्शन कोतवाली क्षेत्र के कस्बा मेंडू में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। नगला भट्टा के पास खेल रहे बच्चों के बीच उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक 10 वर्षीय बच्चा हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गया। इस हादसे में बच्चा गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि अन्य बच्चे बाल-बाल बच गए। जानकारी के अनुसार, नगला भट्टा के पास बिजली का एक हाईटेंशन तार टूटा हुआ जमीन पर पड़ा था, जिसमें करंट प्रवाहित हो रहा था। इसी दौरान 10 वर्षीय विशाल पुत्र प्रेमपाल, जो अपने दोस्तों के साथ खेल रहा था, अनजाने में उस तार के संपर्क में आ गया। करंट लगते ही वह बुरी तरह झुलस गया और मौके पर ही गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और बच्चे को गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल में विशाल का इलाज जारी है, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई है।
स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जताई है और मांग की है कि टूटे पड़े विद्युत तारों को तत्काल दुरुस्त कराया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।












