सुल्तानपुर में सड़क सुरक्षा माह का शुभारंभ, ADM व RTO ने दिखाई हरी झंडी
संवाददाता – आयशा अल गजल, सुल्तानपुर


सुल्तानपुर में 1 जनवरी से 31 जनवरी तक चलने वाले सड़क सुरक्षा माह का गुरुवार को विधिवत शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी कुमार हर्ष के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) गौरव शुक्ला, आरटीओ प्रशासन अलका शुक्ला एवं पीटीओ शैलेन्द्र तिवारी ने संयुक्त रूप से अभियान का उद्घाटन किया। इस अवसर पर अधिकारियों ने सड़क सुरक्षा प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो पूरे माह जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करेंगे। परिवहन विभाग द्वारा वाहनों पर हेलमेट व सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग से संबंधित जागरूकता स्टीकर भी लगाए गए। कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। सभी ने यातायात नियमों का पालन कर स्वयं के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। अधिकारियों ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए नियमों के पालन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि इसके लिए प्रत्येक नागरिक को सजग और जिम्मेदार बनना होगा।
आरटीओ प्रशासन अलका शुक्ला ने बताया कि सड़क सुरक्षा माह का यह अभियान दो चरणों में संचालित किया जाएगा। पहले 15 दिनों में जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा के महत्व और जीवन की अमूल्यता के बारे में बताया जाएगा, जबकि अगले 15 दिनों में यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। शपथ ग्रहण के दौरान लोगों ने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, तेज रफ्तार व गलत दिशा में वाहन न चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, शराब पीकर वाहन न चलाने तथा सड़क दुर्घटना में घायलों की सहायता करने का संकल्प लिया।
अधिकारियों ने जनपदवासियों से अपील की कि वे सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता दें और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कर अपनी व दूसरों की जान सुरक्षित रखें।












