मैनपुरी में बड़ी चोरी का खुलासा, ज्वेलरी दुकान से उड़ाए गए 3.4 किलो सोना-चांदी बरामद
संवाद दाता: पंकज मिश्रा
मैनपुरी जनपद में ज्वेलरी दुकान से हुई बड़ी चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एसओजी टीम और थाना औंछा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसके पांच साथी अभी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर चोरी किया गया करीब 3.4 किलोग्राम सोना और चांदी बरामद की गई है। बरामदगी के बाद पुलिस ने मामले में अहम सबूत जुटा लिए हैं। पूछताछ में आरोपी ने अपने अन्य साथियों के नाम भी उजागर किए हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
एसपी मैनपुरी ने बताया कि फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे गिरोह को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस कार्रवाई से ज्वेलरी कारोबारियों ने राहत की सांस ली है और पुलिस की तत्परता की सराहना की जा रही है। पुलिस ने जनता से भी अपील की है कि यदि फरार आरोपियों से संबंधित कोई जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।












