ठगों ने गुरुग्राम में नौकरी करने वाले युवक को बना दिया फर्जी IAS, LBSNAA पहुंचते ही खुला राज, FIR दर्ज
मसूरी (उत्तराखंड)। देश की शीर्ष प्रशासनिक प्रशिक्षण संस्था लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (LBSNAA) में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक फर्जी चयन पत्र के आधार पर IAS प्रशिक्षण में शामिल होने पहुंच गया। जांच में पत्र फर्जी निकला, जिसके बाद ठगी का मामला सामने आया।
जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPSC) का रिजल्ट बताकर युवक पुष्पेश सिंह, निवासी जिला सारण (बिहार), LBSNAA मसूरी पहुंचा और IAS ट्रेनिंग में शामिल होने की मांग की। उसके पास मौजूद चयन पत्र हूबहू असली जैसा दिखाई दे रहा था। अकादमी प्रशासन को संदेह होने पर जब दस्तावेजों की गहन जांच की गई, तो पत्र पूरी तरह फर्जी पाया गया।
पूछताछ में युवक ने बताया कि वह गुरुग्राम में एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। सिविल सेवा परीक्षा में साक्षात्कार पास कराने का झांसा देकर ठगों ने उससे 27,000 रुपये वसूल लिए थे। इसके बाद व्हाट्सएप के माध्यम से उसे फर्जी चयन पत्र भेजा गया। पत्र पर भरोसा कर युवक अपने परिवार के साथ मसूरी पहुंच गया। गांव में भी उसके IAS चयन को लेकर भव्य जश्न मनाया गया और दावत दी गई।
जब सच्चाई सामने आई और पत्र फर्जी निकला, तो युवक पूरी तरह टूट गया। मामले की जानकारी मिलते ही संबंधित थाने में अज्ञात ठगों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस व्हाट्सएप नंबर और लेन-देन के आधार पर ठगों की तलाश में जुट गई है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि UPSC या किसी भी सरकारी चयन से जुड़े मामलों में केवल आधिकारिक वेबसाइट और प्रमाणिक स्रोतों पर ही भरोसा करें, ताकि इस तरह की ठगी से बचा जा सके।
ये भी पढ़ें श्लोक कुमार ने एक बार फिर चलाई तबादला एक्प्रेस












