हाथरस में विवाहिता का दहेज के लिए उत्पीड़न, देवर पर छेड़छाड़ का आरोप
संवाददाता – अश्वनी कुमार. हाथरस महिला थाने में एक विवाहिता ने अपने ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट, छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़िता ने पति, सास, ससुर, देवर समेत अन्य ससुरालियों पर शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं।
पीड़िता चंदपा कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। उसका विवाह 12 फरवरी 2023 को मथुरा के गोवर्धन रोड स्थित थाना हाईवे क्षेत्र निवासी युवक से हुआ था। विवाह के दौरान परिजनों द्वारा सामर्थ्य से अधिक दान-दहेज दिया गया, लेकिन इसके बावजूद ससुरालीजन संतुष्ट नहीं हुए और अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे।
पीड़िता का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर उसके साथ आए दिन मारपीट, गाली-गलौज की जाती थी। कई बार उसे भूखा-प्यासा भी रखा गया। इसी दौरान उसका देवर उस पर बुरी नजर रखने लगा।
पीड़िता के अनुसार 25 मई 2025 की रात जब वह अपने कमरे में आराम कर रही थी, तभी देवर कमरे में घुस आया और उसके साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश की। किसी तरह वह कमरे से बाहर निकली और घटना की जानकारी अपने पति को दी। आरोप है कि पति ने शराब के नशे में उसके साथ लात-घूसों से बेरहमी से मारपीट की और धमकी दी कि यदि उसने किसी को बताया तो उसकी जान ले ली जाएगी।
महिला का कहना है कि इसके बाद अन्य ससुरालियों ने भी उसके साथ मारपीट की, जिससे उसके मुंह और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। 26 मई 2025 को सभी ससुरालियों ने उसे घर से निकाल दिया और उसके भाई को फोन कर धमकियां दीं। इसके बाद पीड़िता का भाई उसे मायके ले आया।
पीड़िता ने आगे बताया कि 30 अगस्त 2025 को जब उसके परिजन बाजार गए हुए थे, तभी उसका देवर और ससुर मुकेशचंद्र तिवारी शराब के नशे में मायके पहुंच गए। उन्होंने पीड़िता के साथ गाली-गलौज की और घर में घुसकर मारपीट की। आरोप है कि ससुर ने धमकी दी कि यदि छेड़छाड़ की शिकायत कहीं की तो उसे जान से मार दिया जाएगा। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
बाजार से लौटने पर पीड़िता ने परिजनों को पूरी घटना बताई, जिसके बाद महिला थाने में तहरीर दी गई। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें बिस्कोहर बस स्टॉप पर परिवहन व्यवस्था बदहाल, यात्रियों की जान से खिलवाड़












