पानीपत में गणतंत्र दिवस की तैयारियां तेज, उपायुक्त ने अधिकारियों को दिए दिशा-निर्देश
जिला क्राइम रिपोर्टर: सागर गोयल, पानीपत हरियाणा
पानीपत, 5 जनवरी। उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने सोमवार को जिला सचिवालय के सभागार में 26 जनवरी को राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस को हर्षोल्लास एवं गरिमापूर्ण ढंग से मनाने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में उन्होंने आयोजन को भव्य बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उपायुक्त ने बताया कि शिवाजी स्टेडियम में 22 व 23 जनवरी को रिहर्सल आयोजित की जाएगी, जबकि 24 जनवरी को फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल होगी। मार्च पास्ट, पीटी शो और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए अलग-अलग कमेटियां गठित कर समय से तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि जिन अधिकारियों व कर्मचारियों को सम्मानित किया जाना है, उनके नाम और उपलब्धियां संबंधित विभागाध्यक्ष 10 जनवरी तक उपायुक्त कार्यालय में भेजें। उन्होंने साफ-सफाई, पुरुषों व महिलाओं के लिए अस्थायी शौचालय, पेयजल, बैठने की व्यवस्था, जलपान, साज-सज्जा, वाहन पार्किंग सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन निष्ठा, लगन और ईमानदारी से करें।
बैठक में गणतंत्र दिवस पर निकलने वाली झांकियों पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने सभी विभागों को अपने-अपने विभाग से संबंधित झांकियां तैयार करने को कहा, जिनमें प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं और उपलब्धियों की झलक दिखाई देनी चाहिए।
पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह ने बताया कि समारोह में पुलिस की टुकड़ियां मार्च पास्ट में भाग लेंगी तथा पीटी शो का आयोजन भी किया जाएगा।
बैठक में जिला परिषद सीईओ डॉ. किरण सिंह, एसडीएम पानीपत मनदीप कुमार, निगम के संयुक्त आयुक्त संजय कुमार, डीआरओ कण्व लाकड़ा, एसडीएम समालखा अमित कुमार, डीएसपी सतीश वत्स, डीएसपी सुरेश सैनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।












