हाथरस में होटल का ताला तोड़कर चोरी, 30 हजार का नुकसान
संवाददाता – अश्वनी कुमार जिला – हाथरस
हाथरस शहर के कैलाश नगर में स्थित एक होटल में बीती रात बदमाशों ने ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर होटल से हजारों रुपये की नकदी और इन्वर्टर की बैटरी चुराकर फरार हो गए। घटना हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत राम मंदिर के पीछे स्थित कललू होटल की है। सुबह जब स्थानीय लोगों ने होटल के ताले टूटे हुए और अंदर सामान बिखरा हुआ देखा तो मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसके बाद होटल स्वामी को घटना की जानकारी दी गई। होटल मालिक कासिम ने बताया कि बदमाश होटल से इन्वर्टर की बैटरी के साथ-साथ नकदी भी ले गए हैं। इस चोरी में उन्हें करीब 30 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। शहर के बीचो-बीच हुई इस चोरी की घटना से क्षेत्रीय लोगों में दहशत और चिंता का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।












