एटा में कक्षा 1 से 8 तक 14 जनवरी तक अवकाश घोषित. डीएम के निर्देश पर बीएसए का आदेश जारी
जिला संवाददाता काव्यांश रावत एटा। जिलाधिकारी के निर्देशन में बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा जनपद के समस्त परिषदीय, मान्यता प्राप्त एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों में कक्षा 1 से लेकर कक्षा 8 तक के विद्यार्थियों के लिए 14 जनवरी तक अवकाश घोषित किया गया है। यह निर्णय लगातार बढ़ती ठंड और बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि अत्यधिक शीतलहर एवं मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण छोटे बच्चों के विद्यालय आने-जाने में परेशानी हो सकती है। इसी को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देशानुसार यह अवकाश घोषित किया गया है, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि संबंधित आदेश जनपद के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों पर समान रूप से लागू रहेगा। विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिए गए हैं कि आदेश का सख्ती से पालन कराया जाए। वहीं शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की उपस्थिति से संबंधित दिशा-निर्देश विद्यालय स्तर पर अलग से लागू रहेंगे।
प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को ठंड से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें और किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए विद्यालय अथवा शिक्षा विभाग से संपर्क करें।
ये भी पढ़ें एटा में बिजली विभाग के खिलाफ किसानों का हल्ला-बोल, भ्रष्टाचार के आरोप












